डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 26 पैसे कमजोर
– जनवरी से अब तक रुपए में 10% गिरावट
– 2017 में रुपया 6% मजबूत हुआ था
मुंबई. डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को पहली बार 71 तक फिसल गया। ओपनिंग 70.95 प्रति डॉलर पर हुई। कुछ ही देर में 26 पैसे की गिरावट के साथ इसने 71 रुपए का सबसे निचला स्तर छू लिया। गुरुवार को रुपया 70.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। डॉलर की मांग बढ़ने और क्रूड महंगा होने से भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा है। ब्रेंट क्रूड शुक्रवार को 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया !
इस महीने रुपया 3.4% टूट चुका है। जनवरी से अब तक इसमें 10% गिरावट आई है। एशियाई देशों की करंसी के मुकाबले रुपए का प्रदर्शन इस साल सबसे खराब रहा है। जबकि, 2017 में ये 6% मजबूत हुआ था।
4 सेशन में रुपया 69.91 से 71 पर पहुंचा
तारीख | डॉलर के मुकाबले रुपया |
24 अगस्त | 69.91 |
27 अगस्त | 70.16 |
29 अगस्त | 70.59 |
30 अगस्त | 70.74 |
31 अगस्त | 71* |
* 31 अगस्त को इंट्रा-डे में रुपया 71 पर पहुंचा
रुपए की गिरावट का असर: पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है। भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा क्रूड इंपोर्ट करता है। इसके लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। विदेश घूमना और वहां पढ़ाई करना महंगा हो जाएगा। क्योंकि, करंसी एक्सचेंज के लिए ज्यादा रुपए चुकाने पड़ेंगे। एयरलाइंस को नुकसान होगा। उन्हें दूसरे देशों से विमान किराए पर लेने के लिए ज्यादा रकम देनी पड़ेगी। हालांकि, आईटी और फार्मा कंपनियों को रुपए की गिरावट से फायदा मिलेगा। क्योंकि, उनका ज्यादातर कारोबार एक्सपोर्ट पर आधारित है।